लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए मीरा कुमार का नाम लगभग तय (लीड-1)
कांग्रेस सूत्रों ने कहा है कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए पांचवीं बार सांसद चुनी गईं मीरा कुमार के चयन का फैसला किया है। इस पद के लिए आंध्र प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी. किशोरचंद्र देव और राजस्थान की गिरिजा व्यास के नाम पर विचार किया गया।
सूत्रों के मुताबिक शनिवार को प्रधानमंत्री निवास पर कांग्रेस के कोर ग्रुप के प्रमुख नेताओं की बैठक हुई, जिसमें इस पद पर किसी महिला को बिठाने के प्रस्ताव पर विचार हुआ।
बैठक में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, गृह मंत्री पी. चिदंबरम और रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी शामिल हुए।
मीरा कुमार ने रविवार दोपहर को सोनिया गांधी से मुलाकात की। उन्होंने शुक्रवार को जल संसाधन मंत्रालय का कार्यभार संभाला था। वह बिहार के सासाराम से निर्वाचित हुई हैं।
वर्ष 1945 में पटना में जन्मी मीरा कुमार पूर्व उप प्रधानमंत्री व दलित नेता जगजीवन राम और स्वतंत्रता सेनानी इंद्राणी देवी की पुत्री हैं। मीरा कुमार ने राजनीति में आने के लिए वर्ष 1985 में भारतीय विदेश सेवा से इस्तीफा दे दिया था। कानून में स्नातक होने के साथ ही वह अंग्रेजी साहित्य में परास्नातक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications