डेरा सच खंड के दिवंगत नेता रामानंद की अस्थियां भारत भेजी जाएंगी
विएना, 31 मई (आईएएनएस)। आस्ट्रिया की राजधानी के एक गुरुद्वारे में कुछ दिनों पहले आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मारे गए डेरा सच खंड के नेता रामानंद दास की अस्थियां भारत भेजी जाएंगी।
आस्ट्रिया के एक अधिकारी ने बताया कि रामानंद की अस्थियों को भारत ले जाने की जिम्मेदारी इस पंथ के एक अन्य नेता निरंजन दास को दी गई है। दास कुछ दिनों के भीतर आस्थियों के साथ भारत पहुंचेंगे।
रामानंद की हत्या के बाद भारत के पंजाब प्रांत में जबरदस्त हिंसा का दौर शुरू हो गया था और कई शहरों में कर्फ्यू लगाना पड़ा था।
आस्ट्रियाई अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि शनिवार को भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद रामानंद की अस्थियां दास के हाथों भारत भेजने के बारे में फैसला किया गया।
रामानंद की 24 मई को 14वीं शताब्दी के भारतीय संत गुरु रविदास के अनुयायियों द्वारा संचालित एक स्थानीय गुरुद्वारे में हत्या कर दी गई थी। गुरुद्वारे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने अंधाधुंध गोली चलाई थी, जिसके कारण रामानंद की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications