पी.वी.नाइक ने वायुसेना अध्यक्ष का पद संभाला
नाइक ने एक समारोह में एयर चीफ मार्शल फली होमी मेजर से वायुसेना अध्यक्ष का पद ग्रहण किया। यह समारोह वायु सेना भवन में आयोजित किया गया था। समारोह में वायुसेना की सातों कमांड के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
पद ग्रहण करने से पहले नए वायुसेना अध्यक्ष ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।
नाइक को वर्ष 1969 में एक लड़ाकू पायलट के रूप में वायुसेना में कमीशन दिया गया था। वह महाराष्ट्र के सतारा सैनिक स्कूल और भारतीय रक्षा अकादमी खड़कवासला के पूर्व छात्र हैं।
अपनी करीब 40 वर्ष की सेवा के दौरान नाइक ने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। उनको 3,000 घंटों से अधिक की उड़ान का अनुभव है। नाइक ने वर्ष 1971 के युद्ध में भी हिस्सा लिया था।
नाइक ने राष्ट्रीय रक्षा कालेज, नई दिल्ली,रक्षा प्रबंधन कालेज, सिकंदराबाद और डिफेंस सर्विस स्टाफ कालेज, वेलिंग्टन में भी पाठ्यक्रमों में हिस्सा लिया है।
उत्कृष्ट सेवा के लिए नाइक को परम विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications