एसोचैम ने दिया महंगाई आयोग के गठन का प्रस्ताव
एसोचैम के अध्यक्ष सज्जन जिंदल ने एक रिपोर्ट में कहा,"नई सरकार की आर्थिक प्राथमिकताओं में महंगाई नियंत्रण के लिए एक पारदर्शी तरीके का पालन करने की आवश्यकता है।"
उन्होंने कहा कि एक मुद्दे के रूप में महंगाई हमेशा बनी रहेगी क्योंकि इसका संबंध सभी चीजों की कीमतों से विशेषकर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण प्राथमिक वस्तुओं की कीमतों से है।
एसोचैम के अनुसार प्रस्तावित उच्च अधिकार प्राप्त आयोग वित्त मंत्रालय के नजदीकी सहयोग से कार्य करेगा और सरकार को महंगाई से जुड़े मुद्दों पर सलाह देगा।
एसोचैम ने कहा कि हाल के समय में महंगाई के आंकड़ों में कमी आने के बावजूद आवश्यक वस्तुओं की कीमतें असामान्य रूप से ऊंची बनी रहीं।
रिपोर्ट में कहा गया कि अब भी आर्थिक मंदी और महंगाई में गिरावट के बावजूद अनाजों के दामों में अस्वीकार्य तेजी कायम है। इस अजीब स्थिति के कारणों का सही तरीके से अध्ययन करने की आवश्यकता है, जिससे सरकार इससे निपटने के उपाय अपनाने में सक्षम हो सके।
भारतीय रिजर्व बैंक ने भी अप्रैल में अपनी रिपोर्ट में नीति निर्माताओं का ध्यान थोक मूल्य सूचकांक में गिरावट और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में वृद्धि होने की ओर आकर्षित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications