पाकिस्तानी सेना का मिंगोरा पर नियंत्रण का दावा

सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास ने बीबीसी को बताया कि मिंगोरा नगर के मध्य में सेना का नियंत्रण है, हालाँकि नगर के बाहरी इलाक़ों में अब भी झड़पें जारी हैं.
पिछले एक हफ़्ते में मिंगोरा में संघर्ष भीषण हुआ था. इस दौरान सेना ने वहाँ कार्रवाई तेज़ की थी और तालेबान चरमपंथियों की घर-घर तलाश हो रही थी.
वैसे पत्रकारों के उस क्षेत्र में जाने पर रोक लगी है इसलिए सेना के इन दावों की पुष्टि संभव नहीं हो सकी है.
तालेबान के साथ हुआ एक शान्ति समझौता इस महीने की शुरुआत में टूट गया था जिसके बाद सेना ने स्वात घाटी में सैनिक अभियान शुरू किया था.
नियंत्रण
संघर्ष शुरू होने के बाद से सैकड़ों लोग मारे गए हैं और बीस लाख से ज़्यादा लोग वहाँ से विस्थापित हुए हैं.
सेना के इस दावे से कुछ ही दिन पहले अभी लाहौर में एक ज़बरदस्त बम विस्फोट हुआ था.
बाद में तालेबान ने दावा किया था कि उसने वो विस्फोट स्वात घाटी में सेना की कार्रवाई का बदला लेने के लिए किया है.
वैसे मिंगोरा में सेना का अड्डा तो हमेशा ही रहा है मगर पिछले कुछ हफ़्तों से दरअसल वहाँ तालेबान का नियंत्रण हो गया था.
सेना ने एक हफ़्ते पहले कहा था कि उसने शहर के कई प्रमुख चौराहों पर नियंत्रण पा लिया है और अगले हफ़्ते-दस दिन में संघर्ष समाप्त हो जाना चाहिए.


Click it and Unblock the Notifications