तालिबानी नेता पर इनाम 10 गुना बढ़ाया

पाकिस्तान ने स्वात में तालेबान प्रमुख मौलाना फ़ज़लुल्ला पर रखे इनाम की राशि बढ़ाकर छह लाख डॉलर कर दी है. ये मूल राशि से 10 गुना से भी ज़्यादा है.
पाकिस्तानी तालेबान के नेताओं ने कई शहरों में और बम हमलों की धमकी दी है. इसी कारण अधिकारियों ने ये क़दम उठाया है. पेशावर में अधिकारियों ने सार्वजनिक सभाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है. वहाँ दो अलग-अलग हमलों में 10 लोग मारे गए हैं.
बुधवार को लाहौर में भी बम धमाका हुआ था जिसमें कम से कम 24 लोग मारे गए थे. लाहौर में पुलिस स्टेशन और ख़ुफ़िया विभाग के दफ़तर को निशाना बनाया गया था.
हमले
शुक्रवार को भी पाकिस्तानी सेना और चरमपंथियों के बीच संघर्ष जारी रहा. सेना ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में 28 चरमपंथी मारे गए हैं और सात को पकड़ लिया गया है. सेना ने कहा है कि पाँच सैनिक और दो नागरिक घायल हुए हैं.इस बात की स्वतंत्र सूत्रों से पुष्टि नहीं हो पाई है.
विश्लेषकों का कहना है कि स्वात में दो साल से चल रही विद्रोही गतिविधियों की अगुआई मौलवी फ़ज़लुल्ला कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि तालेबान नेता को जिंदा या मुर्दा पकड़ना है और बदले में इनाम दिया जाएगा.
अधिकारियों ने 21 तालेबान नेताओं पर इनाम रखा है जिसमें मौलाना फ़जलुल्ला के प्रवक्ता भी शामिल है. अख़बारों में 18 लोगों की फ़ोटो छापी गई हैं. तालेबान के बड़े नेता बैतुल्ला महसूद पर पहले से ही 50 लाख डॉलर का इनाम अमरीका ने घोषित किया हुआ है.


Click it and Unblock the Notifications