प्योचार को चरमपंथियों से मुक्त कराने का दावा

सेना का कहना है कि पिछले चौबीस घंटों के दौरान स्वात घाटी में जारी कार्रवाई में 28 चरमपंथी और चार सैनिक मारे गए हैं.
पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार सुबह ही प्योचार को चारो ओर से घेर लिया और तलाशी शुरु की.
सभी सड़कों और रिहायशी इलाक़ों में सुरक्षाकर्मियों ने जाँच की लेकिन कई जगहों पर चरमपंथियों ने गोलीबारी की जिसके जवाब में सेना ने भी कार्रवाई की.
सेना की कार्रवाई में एक मदरसा और चरमपंथियों के कई ठिकाने ध्वस्त हो गए. जवानों ने इलाक़े से 12 अवैध गाड़ियाँ और भारी मात्रा में गोला-बारुद किया है.
उधर चरमपंथियों ने खाने पीने का सामान ले जा रहे एक फ़ौजी वाहन को बारुदी सुरंग का विस्फोट कर उड़ा दिया. इस हमले में चार जवान मारे गए.
सेना की तलाशी मिंगोरा में जारी है और अब दीर इलाक़े में भी कार्रवाई तेज़ कर दी गई है.
इसी हफ़्ते पहले लाहौर और फिर पेशावर में बम धमाके हुए थे जिनमें 35 से ज़्यादा लोग मारे और सौ से ज़्यादा घायल हुए थे.
पाकिस्तान सरकार का कहना है कि ये हमले स्वात में सेना की जारी कार्रवाई से बौखलाए चरमपंथियों ने किया है.


Click it and Unblock the Notifications