दीवालिया घोषित होगी जनरल मोटर्स !

जनरल मोटर्स, ऋण दाताओं और अमेरिकी सरकार के बीच इस संबंध में अंतिम दौर की वार्ता चल रही है लेकिन इसमें किसी हल की कोई संभावना नजर नहीं आ रही। दीवालिया होने की दशा में जनरल मोटर्स ऐसा करने वाली अमेरिकी इतिहास की चौथी वाहन निर्माता कंपनी होगी।
डेट्रॉयट की तीन प्रसिद्ध वाहन निर्माता कंपनियों में से सबसे बड़ी इस कंपनी का दीवालिया होना आर्थिक संकट से जूझ रहे देश के लिए बहुत बड़ा झटका होगा।
अमेरिकी सरकार आश्वस्त
अमेरिकी सरकार का मानना है कि बांड धारकों के सहयोग से कंपनी 60 से 90 दिनों के भीतर दीवालिया की स्थिति से उबर सकती है। वैश्विक मंदी के कारण उपभोक्ताओं द्वारा कारों की खरीद में भारी कमी की गई है जिसके कारण वाहन उद्योग की हालत खस्ता हो गई है।
अक्टूबर से अब तक देश में वाहनों की बिक्री में 35 फीसदी की गिरावट आई है। अब तक वाहन उद्योग से जुड़े हजारों लोगों को रोजगार से हाथ धोना पड़ा है। जनरल मोटर्स आने वाले समय में 35,000 कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। इस महीने के आरंभ में कंपनी अपने 1,100 डीलरों से कह चुकी है कि उनके अनुबंधों का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications