'अपहरण' फिल्म देखकर बनाई थी सत्यम के अपहरण की योजना (राउंडअप)
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आऱ मल्लार विज्जी ने पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तार अविनाश और सोनू नाबालिग हैं तथा सत्यम के पड़ोसी हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस के समक्ष दोनों ने अपना अपराध कबूल करते हुए कहा कि पिछले दिनों उन्होंने 'अपहरण' नामक फिल्म देखकर अपहरण कर फिरौती वसूलने की योजना बनाई। उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच जारी है और किसी अन्य की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
एसएसपी के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपी विद्यालय के छात्र हैं। उन्होंने पुलिसिया कारवाई में शिथिलता की बात को स्वीकार करते हुए कहा कि कंकड़बाग के थाना प्रभारी गिरधर पांडेय को निलंबित कर दिया गया है।
कंकड़बाग के लोग थाना प्रभारी पर मामले में शिथिलता बरतने तथा हत्या में संलिप्तता का आरोप लगाते हुए उस पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सत्यम की हत्या कि सूचना मिलते ही आज सुबह कंकड़बाग की सभी सड़कों पर नाराज लोगों ने दो घंटे तक जाम रखा। इस दौरान सत्यम के अपहरण एवं हत्या के आरोपी अविनाश की कंकड़बाग स्थित दुकान के सभी सामानों को बाहर निकालकर आग के हवाले कर दिया गया। सत्यम के शव को शुक्रवार देर रात पुलिस ने बरामद किया था।
गुरुवार को कंकड़बाग से कथित अपहरणकर्ताओं ने इंवर्टर व्यावसाई राजेश कुमार के नौ वर्षीय पुत्र सत्यम का अपहरण उस समय कर लिया, जब वह अपने घर के बाहर खेल रहा था। अपहरणकर्ताओं ने सत्यम को छोड़ने के लिए फिरौती के रूप में 50 लाख रुपये की मांग की थी। सत्यम पटना स्थित दून एकेडमी के चौथे वर्ग का छात्र था। इस मामले की एक प्राथमिकी कंकड़बाग थाने में दर्ज कराई गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications