दक्षिण दिल्ली में सड़क हादसे में 3 की मौत
नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। दक्षिण दिल्ली में शनिवार तड़के तेज रफ्तार कार के बेकाबू होकर दो ऑटो रिक्शा से टकरा जाने की वजह से तीन व्यक्तियों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।
एक अधिकारी ने बताया, "यह हादसा स्वामी नगर बस अड्डे के समीप बाहरी रिंग रोड पर तड़के 5.30 बजे उस समय हुआ जब कारचालक नियंत्रण खो बैठा और कार दो ऑटोरिक्शा से जा भिड़ी। इस हादसे में दोनों ऑटो चालकों तथा कार में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई।"
घायलों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। किशोर यादव नाम के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, "कार बेकाबू होकर दो ऑटो रिक्शा से जा टकराई। दोनों ऑटो पेड़ और कार के बीच दब गए । उनमें सवारियां भी थीं।"
इस हादसे की वजह से सड़क के किनारे का वह पेड़ टूट गया। विनायक नाम के एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, "कार चालक ने कार का रुख पेड़ की ओर करने की भरसक कोशिश की लेकिन तेज गति की वजह से वह सीधे ऑटो रिक्शा से जा भिड़ी।"
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications