भाजपा की कुछ राज्य इकाइयों ने राजग के हितों के खिलाफ काम किया : जद (यु)
जद (यु) प्रवक्ता और सांसद शिवानंद तिवारी ने संवाददाताओं से कहा, "भाजपा की कुछ राज्य इकाइयों की चुनाव के दौरान नकारात्मक भूमिका से हम खुश नहीं हैं।"
भाजपा के साथ गठबंधन कायम रहने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की जिम्मेदारी है कि वह आत्ममंथन करे कि चुनाव नतीजे उसके खिलाफ क्यों गए जबकि कांग्रेस के हारने के कई कारण थे।
उन्होंने कहा,"हमारे नेता भी उनके साथ चर्चा करेंगे।" लोकसभा चुनाव में राजग की पराजय के कारणों की समीक्षा के लिए जद (यु) की कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक शनिवार को पार्टी अध्यक्ष शरद यादव की अध्यक्षता में आरंभ हुई।
तिवारी ने कहा कि झारखंड की चतरा लोकसभा सीट और अन्य कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जद(यु) के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ काम किया। इससे गठबंधन को नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि ऐसा ही उत्तर प्रदेश की चार और राजस्थान की एक सीट पर हुआ, जहां जद (यु) के उम्मीदवार पराजित हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications