संसद सत्र के पहले कल होगी भाजपा के नवनिर्वाचित सांसदों की बैठक
भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने आईएएनएस को बताया कि आडवाणी को विपक्ष का नेता चुनने के साथ ही संसद सत्र में पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा होगी। इस लोकसभा में भाजपा के 116 सांसद हैं।
नए सांसदों के शपथ लेने के साथ ही सोमवार को संसद का नया सत्र आरंभ होगा। लोकसभा का नया अध्यक्ष तीन जून को चुना जाएगा और राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल चार जून को दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करेंगी।
परंपरागत रूप से विपक्ष को दिए जाने वाले लोकसभा उपाध्यक्ष के पद के लिए पार्टी उम्मीदवार के बारे में पूछे जाने पर नकवी ने कहा कि इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है और न ही सत्तारूढ़ पक्ष से कोई प्रस्ताव मिला है।
जब उनसे इस पद के लिए सुमित्रा महाजन का नाम तय होने संबंधी अफवाहों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
14 वीं लोकसभा में लोकसभा उपाध्यक्ष का पद भाजपा के सहयोगी शिरोमणि अकाली दल के पास था लेकिन इस बार भाजपा उपाध्यक्ष पद अपने पास ही रखना चाहती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications