उत्तर कोरिया के खिलाफ कार्रवाई करे संयुक्त राष्ट्र: दक्षिण कोरिया
सिंगापुर, 30 मई (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री ली सेंग ही ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से अनुरोध किया कि उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण के मद्देनजर उसके खिलाफ कार्रवाई करे। हालांकि उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया संकट के शांतिपूर्ण समाधान के लिए प्रयासरत रहेगा।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सिंगापुर में एशियाई सुरक्षा पर एक बैठक में अपने संबोधन में ली ने संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से अनुरोध किया कि वे उत्तर कोरिया की गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करें ताकि उसका परमाणु कार्यक्रम रोका जा सके।
ली ने कहा कि दक्षिण कोरिया सरकार छह देशों की वार्ता में उत्तर कोरियाई परमाणु मसले के शांतिपूर्ण समाधान के प्रति प्रयासरत रहेगी।
ली ने कहा कि उनके देश को यकीन है कि उत्तर कोरिया के खिलाफ उठाए गए कदम उसे छह देशों की वार्ता में फिर से शामिल होने के लिए विवश करेंगे। यह वार्ता उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को समाप्त कराने के लिए ही शुरू की गई थी। इस वार्ता में दो कोरियाई देशों के अलावा अमेरिका, रूस, चीन, और जापान शामिल हैं।
ली ने 27 देशों के रक्षा मंत्रियों और सुरक्षा संबंधी नीति निर्माताओं से कहा, "हमें आपकी मदद और सहयोग की जरूरत है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications