उप्र माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परिणाम घोषित, लड़कियों ने बाजी मारी
इलाहाबाद में शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में नतीजों की जानकारी देते हुए बोर्ड के निदेशक कृष्ण मोहन त्रिपाठी ने बताया कि वर्ष 2009 में हाईस्कूल परीक्षा में कुल 31,22,679 छात्र शामिल हुए थे, जिसमें से 56.67 फीसदी परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।
त्रिपाठी ने बताया कि इस साल का परिणाम पिछले साल के मुकाबले 16 फीसदी अधिक रहा है। उन्होंने बताया कि एक बार फिर छात्राएं अपना दबदबा बनाने में कामयाब रही हैं। कुल उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं में 67.69 प्रतिशत छात्राएं हैं, जबकि उत्तीर्ण होने वालों छात्रों का प्रतिशत 48.44 प्रतिशत है। इसके अलावा कुल उत्तीर्ण संख्या में 3058 छात्राएं और 4130 छात्र 75 फीसदी या उससे ऊपर अंक प्राप्त करने में कामयाब रहे।
बोर्ड की सचिव प्रभा त्रिपाठी ने बताया कि राज्य में सबसे ज्यादा उत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या मथुरा जिले में 80.05 रही। गाजीपुर 73.97 फीसदी उत्तीर्ण छात्रों की संख्या के साथ दूसरे स्थान पर रहा। प्रदेश के चित्रकूट जिले में सबसे कम 33.89 फीसदी छात्र उत्तीर्ण हुए।
पिछले वर्षो की तरह बोर्ड ने इस वर्ष मेधावी सूची नहीं जारी की। निदेशक त्रिपाठी ने कहा कि काफी विचार विमर्श करने के बाद यह फैसला किया गया कि इस वर्ष मेधावी सूची जारी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अन्य किसी बोर्ड में मेधावी सूची जारी नहीं होती है। इसके अलावा इंटरनेट पर आसानी से परिणाम उपलब्ध हो जाते हैं साथ ही मेधावी सूची से अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा उत्पन्न होती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications