पन्ना राष्ट्रीय उद्यान में आएगा नर बाघ
पिछले कुछ अरसे से पन्ना राष्ट्रीय उद्यान बाघ विहीन होने के कारण सुर्खियों में है। केंद्र से आए एक दल ने तो यहां बाघ के न होने की बात कहकर वन महकमे की नींद उड़ा दी थी। वन विभाग बाघों की संख्या कम होने की बात अरसे से मानता रहा है और संख्या बढ़ाने के मकसद से ही दो बाघिनें यहां लाई गई थीं लेकिन दो माह से ज्यादा गुजर जाने के बाद भी इन बाघिनों की नर बाघ से मुलाकात नहीं हो पाई है।
प्रदेश के वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को वन विभाग के प्रमुख अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में वन्य प्राणियों के संरक्षण के लिए उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पन्ना राष्ट्रीय उद्यान में बाघों की संख्या बढ़ाने के लिए नर बाघ को वहां लाया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय बाघ प्राधिकरण के निर्देश पर प्रदेश में स्पेशल टाईगर प्रोटेक्शन फोर्स गठित करने की कार्रवाई जल्दी पूरी करने की बात भी कही।
बाघों के संरक्षण के लिए कान्हा, बांधवगढ़ और पेंच राष्ट्रीय उद्यानों में इस बल की कंपनियां तैनात की जाएंगी। वन्य प्राणियों के शिकार के लिए शिकारियों द्वारा फंदे लगाए जाते हैं जिनके खिलाफ सघन अभियान चलाया जाएगा।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) डा़ एच़ एस़ पावला ने वन्य बाघों के संरक्षण के लिए गठित होने वाली स्पेशल टाईगर प्रोटेक्शन फोर्स के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि एक प्लाटून में उप पुलिस अधीक्षक के अधीन एक सब इंस्पेक्टर, छह हेड कान्सटेबल और 30 कांस्टेबल रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications