पश्चिम बंगाल में तूफान से मृतकों की संख्या 117 हुई
इस बीच रेल मंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में आए आइला चक्रवाती तूफान से हुए जान व माल के नुकसान का विस्तृत ब्योरा लेकर वह दिल्ली जाएंगी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को इस संबंध में एक रिपोर्ट पेश करेंगी।
राज्य के वित्त मंत्री असीम दासगुप्ता ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि चक्रवाती तूफान से गुरुवार तक 115 लोगों की मौत हुई थी। इस बीच दार्जिलिंग से और दो लोगों की मौत की खबर है, इस तरह शुक्रवार तक मृतकों की संख्या बढ़कर 117 हो गई।
राज्य सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक के बाद दासगुप्ता ने कहा कि चक्रवाती तूफान आइला से अब तक 53 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। तूफान से तटीय इलाके में भारी क्षति पहुंची है। इस आपदा से छह लाख घर पूरी तरह या आंशिक रूप क्षतिग्रस्त हुए हैं।
कोलकाता शहर के उत्तरी इलाके बारासात से लेकर दक्षिण में टॉलीगंज और बेहाला में भी लोगों को सामान्य सुविधाओं की कमी झेलनी पड़ रही है। कई इलाकों में संचार टावरों के गिरने के कारण मोबाइल और इंटरनेट सेवा पर भी बहुत बुरा असर पड़ा है।
राज्य के सबसे उत्तरी जिले दार्जिलिंग और सबसे दक्षिणी जिले दक्षिणी 24 परगना सबसे ज्यादा लोगों की मौते हुई हैं। इसके अलावा उत्तरी 24 परगना जिले, कोलकाता, हावड़ा, हुगली, नादिया, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, कूचबिहार, माल्दा, पूर्वी मिदनापुर तथा बाकुड़ा जिले में भी लोग अकाल मौत का शिकार बने हैं।
इस बीच रेल मंत्री ममता बनर्जी ने समाचार चैनल स्टार आनंद से बातचीत में कहा, "मैं शनिवार को प्रधानमंत्री से मिलूंगी और तूफान बाद की स्थिति से उन्हें अवगत कराऊंगी।"
उन्होंने कहा, "इस बारे में मैं प्रधानमंत्री से विस्तार से चर्चा करूंगी। राहत व पुनर्वास के कार्य में राज्य की सत्ताधारी वामपंथी सरकार भेदभाव बरत रही है। मुझे जिला परिषद के सदस्यों से इस बारे में जानकरी मिली है। सुंदरवन के लोगों तक अभी भी राहत साम्रगी नहीं पहुंच पाई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications