प्रधानमंत्री के पास ही रहेगा संस्कृति मंत्रालय
प्रधानमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि कुमारी शैलजा को पर्यटन मंत्रालय दिया गया है, लेकिन हमेशा की तरह इस बार संस्कृति मंत्रालय को पर्यटन मंत्रालय के साथ नत्थी नहीं किया गया है।
अधिकारी ने कहा, "प्रधानमंत्री संस्कृति मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालेंगे।"
शैलजा के पास आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय के साथ ही पर्यटन मंत्रालय की जिम्मेदारी भी है। वह शनिवार को पर्यटन मंत्रालय का कार्यभार संभालेंगी।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि शैलजा को दो बड़े मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है संभवत: इसी वजह से उन्हें संस्कृति मंत्रालय का कार्यभार नहीं सौंपा गया।
एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "ऐसा कभी नहीं हुआ कि सरकार ने इस मंत्रालय की जिम्मेदारी किसी को नहीं दी हो।"
अंबिका सोनी जिन पर पहले पर्यटन और संस्कृति मंत्रालय की जिम्मेदारी थी अब वह कैबिनेट मंत्री बन गई हैं और सूचना प्रसारण मंत्रालय संभालेंगी।
भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व राज्यपाल जगमोहन के पास इस मंत्रालय का कार्यभार था। वर्ष 2004 में जब संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार बनी तो जयपाल रेड्डी को इस मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई। वर्ष 2006 में रेड्डी से लेकर यह मंत्रालय अंबिका सोनी को सौंपा गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*