पाक ने फजलुल्लाह पर घोषित इनाम की राशि बढ़ाई(लीड-1)
इस्लामाबाद, 29 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सरकार ने पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की स्वात घाटी के तालिबान कमांडर मौलाना फजलुल्लाह के जीवित होने की बात पर जोर देते हुए शुक्रवार को उस पर घोषित इनाम की राशि बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये कर दी।
कराची में यह घोषणा करते हुए गृहमंत्री रहमान मलिक ने स्वात और दो अन्य जिलों से करीब 29लाख लोगों के पलायन के लिए सीधे तौर पर फजलुल्लाह को दोषी ठहराया।
मलिक ने यह उम्मीद भी व्यक्त की कि स्वात अभियान चार से पांच हफ्ते में पूरा हो जाएगा। हालांकि उन्होंने कहा कि युद्ध शुरु होने के बाद उसकी समाप्ति का अनुमान लगाना कठिन होता है।
इससे पहले सेना ने इन खबरों का खंडन किया कि आतंकवादियों के खिलाफ जारी कार्रवाई में तालिबान कमांडर मौलाना फजलुल्लाह मारा गया है।
पाकिस्तानी समाचार चैनल 'जियो टीवी' के अनुसार विश्वसनीय सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि फजलुल्लाह जिंदा है।
फजलुल्लाह को लेकर गुरुवार को उस समय संशय की स्थिति उत्पन्न हो गई थी जब पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के गृहमंत्री इफ्तिखार हुसैन ने तालिबान कमांडर के मारे जाने की घोषणा की। इसी के साथ ही उन्होंने उसके सिर पर 50,000 डॉलर के इनाम की घोषणा भी कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications