गुलशन कुमार के हत्यारे से बांग्लादेश में पूछताछ जारी (लीड-1)
बांग्लादेश पुलिस को हथियारों की तस्करी के एक मामले में मर्चेट की तलाश थी। इसी को ध्यान में रखकर स्थानीय पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ा रही है। मर्चेट कुख्यात सरगना दाऊद इब्राहिम का खास आदमी है।
ऐसा माना जाता है कि अप्रैल 2004 में असम के आतंकी संगठन युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असोम (यूएलएफए) को समुद्र के रास्ते से चटगांव में चीन निर्मित हथियारों की जो खेप पहुंचाई गई थी, उसमें मर्चेट का हाथ रहा है।
बांग्लादेश पुलिस ने मर्चेट को गुरुवार को पूर्वोत्तर भारत के राज्य त्रिपुरा की सीमा के करीब स्थित ब्रह्मानबारिया नाम के स्थान से हिरासत में लिया। बांग्लादेश की पुलिस मान रही है कि मर्चेट आंखुरा के रास्ते से अवैध रूप से बांग्लादेश में घुसा था। बांग्लादेश पहुंचकर उसने शोमर पटेल के नाम से जाली स्थानीय पासपोर्ट भी हासिल कर लिया था।
पुलिस ने मर्चेट के अलावा कमाल मियां को भी गिरफ्तार किया है। कमाल ने मर्चेट को अपने घर में शरण दी थी। इन दोनों के अलावा जाहिद नाम के एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। जाहिद पिछले कुछ दिनों से मर्चेट और कमाल के संपर्क में था। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है।
बांग्लादेश के समाचार पत्र 'न्यू एज' के मुताबिक मर्चेट के मोबाइल फोन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि मर्चेट के दाऊद के साथ संबंध हैं।
भारत में संगीत उद्योग के बेताज बादशाह माने जाने वाले गुलशन कुमार की 12 अगस्त, 1997 को मुंबई में हत्या कर दी गई थी। ऐसा माना जाता है कि हत्या से कुछ दिन पहले गुलशन कुमार से फिरौती के तौर पर मोटी रकम मांगी गई थी, जिसे देने से उन्होंने इंकार कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications