विएना हमले का आरोपी भी अस्पताल में भर्ती
विएना, 29 मई (आईएएनएस)। आस्ट्रिया की राजधानी विएना में एक गुरुद्वारे के भीतर डेरा सच खंड के नेताओं पर हमले के आरोप में हिरासत में लिए गए छह व्यक्तियों में से एक अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वह गोली लगने की वजह से बुरी तरह घायल है। यह जानकारी आस्ट्रियाई पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को दी।
रविवार को डेरा सच खंड के प्रमुख और उपप्रमुख पर हमला किया गया था। इस हमले में डेरे के उपप्रमुख रामानंद दास की मौत हो गई थी जबकि डेरा प्रमुख निरंजनदास अस्पताल में भर्ती हैं। इस घटना के बाद पंजाब के कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन हुए थे।
आस्ट्रियाई पुलिस के प्रवक्ता माइकल टकास ने आईएएनएस को बताया कि हमलावरों के दल का नेतृत्व करने का आरोपी शख्स इस समय गंभीर हालत में अस्पताल में है। उसके सिर पर गोलियां लगी हैं। उन्होंने बताया कि उसकी हालत बहुत नाजुक है।
प्रवक्ता ने बताया कि रविवार के बाद से किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है लेकिन बहुत से प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई है। उन्होंने बताया, "हमें इस सप्ताह के आखिर तक कामयाबी मिलने की आशा है।"
विएना में श्री गुरु रविदास सभा के अध्यक्ष सोमदेव ने आईएएनएस को बताया कि 24 मई को संत निरंजनदास जी और संत रामानंद जी पर बहुत नजदीक से गोलियां चलाई गईं। यह दो परिवारों या दो सिख पंथों के बीच झगड़े का मामला नहीं है। यह सोचसमझ सुनियोजित ढंग से की गई कार्रवाई है।
विएना के सरकारी वकील गेरहार्ड जारोश ने संवाददाताओं को बताया कि यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि डेरे के नेताओं पर हमला करने वाले छह थे या उनसे ज्यादा थे। इन छह में चार व्यक्ति यहां आश्रय चाहते थे। एक व्यक्ति यहां 2001 से रह रहा था जबकि दो अन्य 2008 से यहां थे।
भारत सरकार ने हमलावरों को प्रत्यर्पित करने की मांग की है और इस हमले के बारे में विएना सरकार से पूरी रिपोर्ट मांगी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications