आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हमले, विपक्ष ने सरकार की आलोचना की
समाचार पत्र द हेराल्ड सन के अनुसार विपक्ष के नेता टैड बेलिलियो ने कहा कि छात्रों पर हमले तीन साल से जारी हैं और वह भी सरकार के किसी हस्तक्षेप के बिना। उन्होंने कहा, "दुखद बात यह है कि हम यह मसला करीब तीन साल से उठा रहे हैं और हालात सुधरने की बजाए बिगड़ गए हैं।"
उन्होंने कहा, "बहुत से युवाओं पर हमले हुए हैं। बहुत से छात्र बुरी तरह घायल ही नहीं हुए बल्कि डर भी गए हैं। बहुत से इतने डर गए हैं कि रिपोर्ट करने से भी खौफ खाते हैं।"
पुलिस ने इन हमलों को नस्लीय हिंसा पर आधारित होने से इंकार किया है।
भारतीय छात्रों पर हमलों की अब तक तीन घटनाएं हो चुकी हैं। पहली घटना नौ मई को हुई थी। रविवार को मेलबर्न में तीन अन्य छात्रों के साथ जा रहे श्रवण कुमार नाम के 25 वर्षीय भारतीय छात्र पर हमला किया गया था। वह गंभीर हालत में गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती हैं। हमलावरों ने कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी की और उस पर पेचकस ने वार किया।
बलजिंदर सिंह नाम के एक अन्य छात्र पर सोमवार को हमला किया गया। उसके साथ लूटपाट के बाद उसे चाकू घोंप दिया गया। हेराल्ड सन ने खबर दी है कि बलजिंदर रेलवे स्टेशन से निकला ही था कि हथियारों से लैस दो व्यक्तियों ने उसका पीछा कर उससे पैसा मांगना शुरू कर दिया। छात्र झोले में से अपना बटुआ ढूंढ ही रहा था कि हमलावरों ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया।
बलजिंदर ने बताया,"वे लोग मुझ पर हंसे और उन्होंने मेरे पेट में चाकू घोंप दिया। वे मुझ पर हंस रहे थे..मैं चिल्ला रहा था मुझे मत मारो। मुझे मत मारो।"
आस्ट्रेलियाई पुलिस ने गुरुवार को मेलबर्न की ट्रेन में एक अन्य भारतीय छात्र की पिटाई के आरोप में दो किशोरों को गिरफ्तार किया। हेराल्डसन के अनुसार 21 वर्षीय सौरभ शर्मा की गत नौ मई को कुछ हमलावरों ने पिटाई कर दी थी। हमले में छात्र की गाल की हड्डी और एक दांत टूट गया था। यह पूरी घटना क्लोज सर्किट कैमरा पर रिकार्ड हो गई। शर्मा का कहना है कि हमले के दौरान उसके साथ नस्लभेदी टिप्पणी की गई और उसके साथ लूटपाट की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications