भारतीय छात्रों पर हमले अस्वीकार्य : जॉन ब्रम्बी
उन्होंने यह बात आस्ट्रेलिया में भारतीय उच्चायुक्त सुजाता सिंह और भारत की महावाणिज्य दूत अनिता नायर के साथ विचार विमर्श के बाद कही। इस मुलाकात के दौरान विक्टोरिया में भारतीय समुदाय के लोगों की सुरक्षा के मसले पर चर्चा की गई।
ब्रम्बी ने कहा, "इस मुलाकात के दौरान विक्टोरिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों की सुरक्षा तथा सरकार और पुलिस की ओर से इस दिशा में किए जाने वाले उपायों पर भी विचार विमर्श किया गया।" उन्होंने कहा कि विक्टोरिया भारतीय छात्रों के लिए बेहतरीन जगह है और हम चाहते हैं कि हर भारतीय छात्र यहां आकर इसका अनुभव ले।
प्रधानमंत्री की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "विक्टोरिया के ज्यादातर लोग भारतीय छात्रों का स्वागत करते हैं लेकिन हम यह भी मानते हैं कि कुछ बार कुछ स्थान ऐसे होते हैं जहां भारतीय छात्र असुरक्षित हैं। यह चिंताजनक बात है और हम इस मसले से निपटने की कोशिश कर रहे हैं। भारतीय समुदाय के लोगों पर हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
उन्होंने कहा कि विक्टोरिया पुलिस हिंसा और अपराध की घटनाों से निपटने के लिए भारतीय समुदाय के लोगों के साथ मिलकर कार्य कर रही है। पिछले साल यहां 47,000 भारतीय छात्र आए थे।
भारतीय छात्रों पर हमलों की अब तक तीन घटनाएं हो चुकी हैं। पहली घटना नौ मई को हुई थी। रविवार को मेलबर्न में तीन अन्य छात्रों के साथ जा रहे श्रवण कुमार नाम के 25 वर्षीय भारतीय छात्र पर हमला किया गया था। वह गंभीर हालत में गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती हैं। हमलावरों ने कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी की और उस पर पेचकस ने वार किया।
बलजिंदर सिंह नाम के एक अन्य छात्र पर सोमवार को हमला किया गया। उसके साथ लूटपाट के बाद उसे चाकू घोंप दिया गया। हेराल्ड सन ने खबर दी है कि बलजिंदर रेलवे स्टेशन से निकला ही था कि हथियारों से लैस दो व्यक्तियों ने उसका पीछा कर उससे पैसा मांगना शुरू कर दिया। छात्र झोले में से अपना बटुआ ढूंढ ही रहा था कि हमलावरों ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया।
बलजिंदर ने बताया,"वे लोग मुझ पर हंसे और उन्होंने मेरे पेट में चाकू घोंप दिया। वे मुझ पर हंस रहे थे..मैं चिल्ला रहा था मुझे मत मारो। मुझे मत मारो।"
आस्ट्रेलियाई पुलिस ने गुरुवार को मेलबर्न की ट्रेन में एक अन्य भारतीय छात्र की पिटाई के आरोप में दो किशोरों को गिरफ्तार किया। हेराल्डसन के अनुसार 21 वर्षीय सौरभ शर्मा की गत नौ मई को कुछ हमलावरों ने पिटाई कर दी थी। हमले में छात्र की गाल की हड्डी और एक दांत टूट गया था। यह पूरी घटना क्लोज सर्किट कैमरा पर रिकार्ड हो गई। शर्मा का कहना है कि हमले के दौरान उसके साथ नस्लभेदी टिप्पणी की गई और उसके साथ लूटपाट की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications