सेंसेक्स फिर चौदह हज़ार के पार

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के संवेदी सूचकांक में बुधवार को 520 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई और ये कई महीनों बाद 14000 के ऊपर बंद हुआ. सेंसेक्स दिन के कारोबार के दौरान 14122.78 अंकों तक पहुँच गया था और आख़िर में 14109 पर बंद हुआ.
निफ़्टी में 159 अंको का उछाल देखा गया यानी 3.87 फ़ीसदी की वृद्धि और ये 4276 पर बंद हुआ. बैंकिंग और धातु के शेयरों में भारी बिकवाली हुई. नए वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने दिल्ली में बुधवार बयान दिया था कि सरकार बुनियादी ढाँचे को मज़बूत करने के लिए और पैसा लगाएगी और साथ ही सस्ते ऋण उपलब्ध करवाने के लिए बैंकों से बात करेगी.
आधारभूत ढाँचे पर ज़ोर
वित्त मंत्री बनने के बाद अपनी पहली पत्रकार वार्ता में प्रणब मुखर्जी ने कहा कि सरकार आधारभूत ढांचे में निवेश को बढ़ावा देगी ताकि पिछले कुछ वर्षों की वृद्धि दर को हासिल किया जा सके. माना जा रहा है कि इस बयान का बाज़ार पर सकारात्मक असर हुआ.
लोकसभा चुनावों में यूपीए की जीत के बाद जब पहले दिन भारतीय शेयर बाज़ार खुले तो उनमें में भारी उछाल देखा गया था और उस दिन शेयर बाज़ार में कारोबार पूरे दिन के लिए बंद करना पड़ा था. इससे पहले चुनाव पूर्व चार मई को सेंसेक्स 12000 से ऊपर बंद हुआ था. सात महीनों के बाद सेंसेक्स 12 हज़ार के आँकड़े को छू पाया था.


Click it and Unblock the Notifications