भारत के साथ परमाणु करार जल्द : कनाडा
टोरंटो, 28 मई (आईएएनएस)। कनाडा ने बुधवार को कहा कि भारत के साथ परमाणु रिश्ते बहाल करने के लिए जारी बातचीत की परिणति जल्द ही उसके साथ परमाणु करार में हो सकती है।
दोनों देश इस प्रस्तावित समझौते के मसौदे का आदान-प्रदान पहले ही कर चुके हैं। इस मसौदे को अंतिम रूप देने के लिए कनाडा के परमाणु विशेषज्ञों के एक दल ने पिछले सप्ताह मुंबई में परमाणु ऊर्जा आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की थी।
कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री स्टॉकवेल डे ने इस वर्ष के आरंभ में अपनी यात्रा के दौरान इस संबंध में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। उन्होंने बुधवार को कहा कि दोनों देश जल्द ही परमाणु करार पर दस्तखत करेंगे। उन्होंने कहा कि इस समझौते के लिए बस कुछ ही मसलों को अंतिम रूप दिए जाने की जरूरत है।
मंत्री ने कहा कि इस करार के तहत कनाडा से निर्यात होने वाली परमाणु सामग्री का इस्तेमाल सैन्य कामकाज के रूप में नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षो में कंपनियां अपने परमाणु रिएक्टर 50 से 150 अरब डॉलर में बेचेंगी।
उन्होंने कहा कि कनाडा के उद्योग के लिए यहां भरपूर संभावनाएं हैं।
भारत की ओर से 1974 में किए गए परमाणु परीक्षण के बाद कनाडा ने उस पर परमाणु प्रतिबंध लगा दिया था। परमाणु आपूर्तिकर्ता देशों से हरी झंडी मिलने के बाद उसने पिछले साल यह प्रतिबंध हटा लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications