कश्मीर से आजाद को स्वास्थ्य और फारुक को ऊर्जा मंत्रालय
नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार में कश्मीर से दो कैबिनेट मंत्रियों गुलाम नबी आजाद को स्वास्थ्य और फारुक अब्दुल्ला को ऊर्जा मंत्रालय सौंपा गया है।
कांग्रेस के थिंक टैंक में शामिल और डीएमके के साथ मंत्री पदों के बंटवारे का मुद्दा हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आजाद को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय सौंपा गया है। यह मंत्रालय पहले पीएमके के ए.रामदास के पास था।
आजाद ने अपना राजनीतिक सफर वर्ष 1973-75 में जम्मू के डोडा जिले के भालेसा ब्लाक के कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में आरंभ किया था। वह 1980 में अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बने और उसी वर्ष महाराष्ट्र के वाशिम से सातवीं लोकसभा के सदस्य निर्वाचित हुए।
आजाद 27 अक्टूबर 2005 को जम्मू और कश्मीर का मुख्यमंत्री नियुक्त होने से पहले तक मनमोहन सिंह सरकार में संसदीय कार्य मंत्री थे।
फारुक अब्दुल्ला मंत्रिमंडल में नवीन और अक्षय ऊर्जा मंत्री के रूप में शामिल हुए हैं। वे नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष और 1982-84,1986-90 और 1996-2002 तक तीन बार जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications