रक्षा सौदों में समयबद्ध आपूर्ति महत्वपूर्ण : एंटनी
तीन में से पहला एयरबॉर्न अर्ली वार्निग एंड कंट्रोल सिस्टम्स (अवाक्स) देश को समर्पित करते हुए एंटनी ने कहा,"मैं इजरायल और रूस दोनों को अपनी चिंताओं से अवगत कराना चाहता हूं कि वे बाकी बचे दोनों अवाक्स की आपूर्ति समय पर करें। मेरी चिंता देश विशेष के संदर्भ में नहीं है।"
1.1 अरब डॉलर के अवाक्स सौदे पर वर्ष 2004 में हस्ताक्षर हुए थे और तीन में से पहला अवाक्स बार-बार की देरी के बाद इस सप्ताह प्राप्त हुआ है।
एंटनी ने कहा कि आपूर्ति में विलंब से प्रौद्योगिकीय परिवर्तन के काल में तकनीक पुरानी पड़ जाती है।
उन्होंने कहा कि आपूर्ति में विलंब से कीमत भी बढ़ती है। रूस के विमानवाहक पोत एडमिरल गोर्शकोव के अधिग्रहण में लगातार विलंब हो रहा है और रूस लगातार कीमत बढ़ाता जा रहा है।
एंटनी ने कहा कि रूस और अन्य देशों के साथ कीमत बढ़ने की समस्या का सबसे सही हल समय पर आपूर्ति है।
उल्लेखनीय है कि रूस ने एडमिरल गोर्शकोव की कीमत 1.5 अरब डॉलर से बढ़ाकर 2.7 अरब डॉलर कर दी थी और अब वह 2.9 अरब डॉलर की मांग कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications