रियल एस्टेट क्षेत्र में 3 माह में दिखेंगे सुधार के संकेत : एसोचैम
एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ऑफ इंडिया (एसोचैम) के सर्वेक्षण के मुताबिक रियल एस्टेट कंपनियों के 88 प्रतिशत मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को अगले तीन माह में सुधार की आशा है। इस वक्त रियल एस्टेट कंपनियां कम कीमत के मकानों पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं।
'एसोचैम बिजनेस बैरोमीटर' नामक रिपोर्ट 15 से 25 मई के दौरान 25 रियल एस्टेट कंपनियों पर किए गए अध्ययन पर आधारित है।
रिपोर्ट के मुताबिक 92 प्रतिशत मुख्य कार्यकारियों का मानना था कि सस्ते मकान रियल एस्टेट क्षेत्र में मांग पैदा कर सकते हैं, जबकि 84 प्रतिशत का मानना है कि इस वर्ग के मकानों पर मांग में कमी का आंशिक असर पड़ा है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि लक्जरी मकानों की मांग में 50 फीसदी, विशेष आर्थिक क्षेत्र के मकानों में 40-50 फीसदी, खुदरा कारोबार के लिए जगहों में 20-30 फीसदी और सस्ते मकानों की मांग में करीब 10 फीसदी की कमी आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications