मैं एक समय में एक ही काम करता हूं : राहुल
राष्ट्रपति भवन में गुरुवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए राहुल ने कहा, "मैं एक समय में एक ही काम करने में विश्वास रखता हूं, वह भी अच्छी तरह से। मैं एक साथ छह काम नहीं कर सकता।"
उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश थी कि केंद्रीय मंत्रिपरिषद में अधिक से अधिक युवाओं को स्थान मिले। ज्ञात हो कि मनमोहन सरकार में कम से कम छह युवा सांसदों को मंत्री बनाया गया है। मंत्री पद पाने वाले युवा सांसदों में सचिन पायलट, ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितिन प्रसाद, प्रदीप जैन और अरुण यादव शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश से किसी को कैबिनेट मंत्री नहीं बनाए जाने के बारे में पूछने पर राहुल ने कहा, "उत्तर प्रदेश की समस्याएं हमारे लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है न कि वहां से किसी को कैबिनेट मंत्री बनाना।"
उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश में हम चुपचाप अपना काम कर रहे हैं। आज हम वहां जिस स्थिति में पहुंचे हैं उसमें पांच वर्ष लग गए। उत्तर प्रदेश और बिहार में बुनियादी परिवर्तन की जरूरत है।"
एक सवाल के जवाब में राहुल ने कहा, "सहयोगियों से हमने रूखा व्यवहार नहीं किया। मंत्रिपरिषद में उन्हें यथोचित स्थान मिला है। अपने सिद्धांतों पर टिके रहने का मतलब अभिमानी होना नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications