मंत्रिपरिषद में युवाओं की ऊर्जा व वरिष्ठों के अनुभव का सम्मिश्रण: मनमोहन (लीड-1)
मंत्रिपरिषद में 59 नए मंत्रियों शामिल करने के लिए राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के बाद पत्रकारों से चर्चा में प्रधानमंत्री ने कहा, "हम मंत्रिपरिषद में ऊर्जा और अनुभव के बीच सही संतुलन बिठाना चाहते थे। "
सरकार की प्राथमिकताओं के बारे में पूछे जाने पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए अर्थव्यवस्था के विकास की गति को पुन: प्राप्त करने के लिए सभी प्रयास किए जाने चाहिए।
इसके बारे में विस्तार से पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल जब संसद के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करेंगी तो उनके संबोधन में सरकार की प्राथमिकताएं झलकेंगी।"
मंत्रिपरिषद के विस्तार में हुई देरी के बारे में पूछे जाने पर प्रधानमंत्री ने कहा कि मंत्रिपरिषद के गठन के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी।
केंद्रीय मंत्रिपरिषद में उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधित्व से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा, "उपलब्ध प्रतिभाओं और अन्य कारकों को ध्यान में रखकर मंत्रिपरिषद का गठन किया गया है।"
उन्होंने कहा, "लोक सेवा के लिए और भी रास्ते हैं। जिन वरिष्ठ नेताओं को मंत्रिपरिषद में शामिल नहीं किया जा सका है उन्हें अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएगी।"
पाकिस्तान के लाहौर शहर में बुधवार को हुए आतंकवादी हमले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "पाकिस्तान के लोगों के साथ मेरी सहानुभूति है। यही मौका है जब आतंकवाद की चुनौती को खत्म करने के लिए सभी देशों को सहयोग करने की आवश्यकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications