इन्दौर में कांग्रेस नेता की गोली मार कर हत्या
इन्दौर, 28 मई (आईएएनएस)। इन्दौर में आज दिन दहाड़े कांग्रेस के स्थानीय नेता संतोष दुबे की गोली मार कर हत्या कर दी गई। कांग्रेस के किसान मोर्चा के पदाधिकारी दुबे की हत्या की वजह का खुलासा तो नहीं हुआ है मगर हत्यारों की पहचान कर ली गई है जिनकी धर पकड़ के लिए पुलिस जगह जगह दबिश दे रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दुबे हर रोज की तरह गुरूवार को भी चंदन नगर थाना क्षेत्र में रणजीत हनुमान मंदिर के सामने स्थित एक व्यायाम शाला से अपने साथी के साथ व्यायाम करके बाहर निकल रहे थे तभी उन पर दो लोगों ने गोलियां बरसा दी, जिससे घटनास्थल पर ही दुबे की मौत हो गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह ने आईएएनएस को बताया है कि दुबे की हत्या का कारण पता नहीं चल सका है मगर उनकी हत्या करने वालों की पहचान हो गई है। पुलिस का आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान जारी है। चंदन नगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications