शपथ ग्रहण समारोह में अगाथा ने बटोरी खूब तालियां
पूर्वोत्तर के पारम्परिक वेश भूषा में शपथ ग्रहण समारोह में पहुंची 28 वर्षीय अगाथा ने हिन्दी में पद व गोपनीयता की शपथ ली। हालांकि हिन्दी में शपथ लेने के दौरान कुछ कठिन शब्दों के उच्चारण में उन्हें थोड़ी दिक्कत जरूर पेश आई।
शपथ ग्रहण समारोह में अगाथा के पिता व पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पी. ए. संगमा भी मौजूद थे। अगाथा जब शपथ ले रही थी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी उन्हें देखकर मंद-मंद मुस्करा रही थीं। अगाथा के शपथ लेते ही पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी खूब तालियां बजाईं।
अगाथा दूसरी बार मेघालय की तूरा संसदीय सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद पहुंची हैं। वर्ष 2008 में तूरा संसदीय सीट पर हुए उपचुनाव को जीतकर वह पहली बार 27 वर्ष की उम्र में संसद पहुंची और सबसे कम उम्र की सांसद बनीं। तूरा संसदीय क्षेत्र उनके पिता पी. ए. संगमा की पारम्परिक सीट रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications