10,000 सुरक्षाकर्मी कर रहे हैं परमाणु हथियारों की रखवाली : पाकिस्तान
इस्लामाबाद, 28 मई (आईएएनएस)।पाकिस्तान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि करीब 10,000 सुरक्षाकर्मी पाकिस्तान के परमाणु हथियारों के भंडार की रखवाली कर रहे हैं और उन्हें लेकर पश्चिमी जगत की चिंताएं बेमानी हैं।
समाचार पत्र 'डॉन' में गुरुवार को प्रकाशित समाचार के अनुसार रणनीतिक योजना मंडल (एसपीडी)में हथियार नियंत्रण एवं निरस्त्रीकरण मामलों के निदेशक एयर कमोडोर खालिद बनुरी ने कहा कि पाकिस्तान का कमान और नियंत्रण तंत्र बहुत से परमाणु शक्ति संपन्न देशों से बेहतर है और बहुत से देश इसे अधिकृत तौर पर स्वीकार कर चुके हैं।
बनुरी ने कहा उच्च प्रशिक्षण प्राप्त 10,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी परमाणु भंडार की देख-रेख कर रहे हैं। डॉन को दिए साक्षात्कार में बनुरी ने पश्चिमी मीडिया की इन खबरों को हास्यास्पद बताया है जिनमें कहा गया है कि पाकिस्तान के परमाणु हथियार आतंकवादियों के हाथ पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के कामकाज के तरीके से अवगत होने के बावजूद इस तरह की बाते कहने का कोई औचित्य नहीं है।
बनुरी ने कहा कि पाकिस्तान परमाणु मसले पर बहुत से देशों के साथ निरंतर संपर्क में है। उन्होंने कहा, "हमने अमेरिका, यूरोपीय संघ, जापान और अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी समेत कई देशों से विचार-विमर्श किया है।"
बनुरी ने कहा कहा कि इस तरह के विचार-विमर्श का यह अभिप्राय हरगिज नहीं है कि पाकिस्तान ने अपने परमाणु भंडार तक किसी की पहुंच सुनिश्चित की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications