मध्य प्रदेश में मंत्री को रिश्वत की पेशकश, मामला दर्ज
पिछले दिनों बिसेन ने भिन्ड में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान लापरवाही की शिकायत मिलने पर कार्यपालन अभियंता आऱ एऩ करैया को निलंबित कर दिया था। उसके बाद मंगलवार की रात को करैया अपने एक साथी पवन व्यास के साथ मंत्री के 74 बंगला स्थिति आवास पर पहुंचे। दोनों ने मंत्री के निजी सहायक वनराज से बात की और उन्हें नोटों से भरी अटैची भी दिखाई।
मंत्री बिसेन ने बुधवार को आईएएनएस को बताया है कि रात को जब वह अपने आवास पर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि पवन व्यास और कार्यपालन यंत्री पांच लाख की रिश्वत लेकर आए। बिसेन का व्यास से सामना हुआ तो उन्होंने जमकर फटकार लगाई। तब तक अंदर के कमरे से करैया दबे पांव गायब हो गया। मंत्री के मुताबिक वह चाहते थे कि दोनों को खुद पकड़कर पुलिस के हवाले करें।
तात्या टोपे नगर के थाना प्रभारी उमेश तिवारी ने बताया कि मंत्री के निजी सहायक वनराज की शिकायत पर कार्यपालन अभियंता करैया और उनके साथी पवन व्यास के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 10 और 12 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications