लाहौर बम विस्फोट की भारत ने की निंदा (लीड-1)
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने संवाददाताओं से कहा, "लाहौर में हुई घटना के लिए हमें खेद है। हमले की हम निंदा करते हैं।"
उन्होंने कहा कि लाहौर में मारे गए लोगों और उनके परिवारों के लिए उनका मन दुखी है।
कृष्णा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पाकिस्तान और भारत आतंकवाद से लड़ने के लिए सहयोग कर सकते हैं। भारत हमले के बाद उत्पन्न स्थिति पर नजर रखे हुए है।
कृष्णा ने समाचार चैनल सीएनएन-आईबीएन पर एक साक्षात्कार में कहा,"हमारा मानना है कि वहां काफी मौते हुईं हैं। हम लाहौर में हुए हमले की निंदा करते हैं। हम पूरी दुनिया में कहीं भी हुए आतंकवादी हमलों की निंदा करते हैं।"
उल्लेखनीय है कि लाहौर में बुधवार सुबह पुलिस मुख्यालय के समीप एक कार बम विस्फोट में कम से कम 23 लोगों की मौत हुई और 100 से अधिक लोग घायल हुए।
पाकिस्तान के समग्र वार्ता फिर आरंभ करने के आवाह्न् की सराहना करते हुए कृष्णा ने कहा कि गेंद अब पाकिस्तान के पाले में है और द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के लिए उसे मुंबई हमले के जिम्मेदार लोगों को दंडित करना होगा।
पाकिस्तान सरकार ने कहा कि उत्तर पश्चिम इलाके में स्वात घाटी में तालिबान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का बदला लेने के लिए बम विस्फोट किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications