श्रीलंका में 11 तमिल विद्रोही मारे गए
कोलंबो, 27 मई (आईएएनएस)। तमिल विद्रोहियों के सफाए की श्रीलंका सरकार की घोषणा के एक सप्ताह बाद सेना के कमांडो दस्ते ने देश के पूर्वी भाग में 11 विद्रोहियों को मारकर हथियारों की एक खेप पकड़ी है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सेना ने बुधवार को कहा कि विद्रोही अम्पारा जिले के कंजीकुदिच्चियरु इलाके में मारे गए। इस इलाके को सेना ने मुक्त घोषित कर दिया था।
सेना ने कहा कि बरामद हथियारों में पांच टी-56 असाल्ट राइफलें, 20 बारूदी सुरंगे, दो हैंड ग्रेनेड और चिकित्सा सामग्री है।
लंबे समय के संघर्ष के बाद सरकार ने 19 मई को लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के सफाए की और उसके कब्जे वाले पूरे उत्तर-पूर्वी इलाके की मुक्ति की घोषणा की थी।
सेना के अधिकारियों ने कहा कि संभव है कि पूर्वी प्रांत में कुछ विद्रोही बच निकलने में सफल हो गए हों और सक्रिय हों। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications