साध-संतों के आगे झुकी शिवराज सरकार (लीड-1)
सराय छोला रोड स्थित बाल हनुमान मंदिर के पास स्थित शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर साधु संत कुछ दिनों से आंदोलन का रास्ता अपनाए हुए हैं। साधु संतों की मांग को ध्यान में रखकर मुख्यमंत्री चौहान ने बुधवार को संभाग आयुक्त पुखराज मारू, पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक अवस्थी, अपर कलेक्टर रजनीश श्रीवास्तव और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रुचि श्रीवास्तव को मंत्रालय में बुलाया। इन अधिकारियों को उन्होंने तुरंत शराब की दुकान हटाने के निर्देश दिए।
शराब दुकान हटाने को लेकर आंदोलनरत साधु संतों ने पिछले दिनों नगरीय प्रशासन मंत्री बाबूलाल गौर के बंगले पर धरना दिया था और मंगलवार को तो धरना प्रदर्शन को लेकर उनकी पुलिस से भी झड़प हो गई थी।
साधु संतों ने इसी क्रम में बुधवार को सदबुद्धि यज्ञ किया और आहुतियां देकर भगवान से प्रार्थना की कि वह प्रदेश की सरकार को सदबुद्धि दे कि वह मंदिर के पास स्थिति शराब दुकान हटाने का आदेश दे।
इस मौके पर एक साधु ने निर्वस्त्र होकर यज्ञ में आहूति दी। साधु संतों के आंदोलन के आगे झुकते हुए मुख्यमंत्री ने उनकी मांग को मान लिया और शराब की दुकान हटाने के आदेश दे दिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications