मनमोहन सरकार में सबसे कम उम्र की मंत्री होंगी अगाथा संगमा
नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मंत्रिपरिषद में मंत्री बनने को तैयार अगाथा संगमा पूर्वोत्तर के राज्यों और शेष भारत के बीच को खाई को पाटना चाहती हैं। वह केंद्रीय मंत्रिपरिषद में सबसे कम उम्र की मंत्री होंगी।
केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की खबरों के बाद आत्मविश्वास से लबरेज अगाथा ने आईएएनएस से कहा, "यह मेरा सौभाग्य है। मेरे लिए यह पहला मौका है। इसलिए मुझे कोई भी मंत्रालय दिया जाए तो मुझे खुशी होगी।" अगाथा पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पी. ए. संगमा की बेटी हैं।
उन्होंने कहा, "पिछली बार की तरह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार को कृषि और प्रफुल्ल पटेल को नागरिक उड्डयन मंत्री बनाया गया है। इसी आधार पर तय हुआ तो मुझे ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का पद मिल सकता है। क्योंकि पूर्ववर्ती सरकार में सूर्यकांता पाटिल के पास यह मंत्रालय था।"
अगाथा ने कहा, "प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दोपहर के समय फोन करके मुझे मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की जानकारी दी और शपथ ग्रहण समारोह में आने को कहा।"
उन्होंने कहा, "विकास की जब भी बात आती है तो उत्तर पूर्व को शेष भारत से अलग कर दिया जाता है क्योंकि सांस्कृतिक तौर पर यह भिन्न है।"
उन्होंने कहा, "मेरी जिम्मेदारी अब बढ़ गई है। उत्तर पूर्व और देश के अन्य हिस्सों के बीच की खाई को पाटना, महिलाओं व युवाओं को सशक्त करना मेरी प्राथमिकता होगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications