लाहौर बम विस्फोट में 40 की मौत, दो संदिग्ध गिरफ्तार (लीड-4)
इस बीच पाकिस्तान के गृहमंत्री रहमान मलिक ने कहा है कि लाहौर में बुधवार को हुआ शक्तिशाली विस्फोट पश्चिमोत्तर में शिकस्त का सामना कर रहे आतंकवादियों का देश को अस्थिर करने का प्रयास था। उन्होंने कहा कि आतंकवादी देश के पश्चिमोत्तर में परास्त हो चुके हैं और अब उन्होंने लाहौर का रुख किया है।
करीब 100 किलोग्राम विस्फोटकों से लदी कार में तिमंजिला रेस्क्यू-15 इमारत के बाहर विस्फोट हुआ। विस्फोट में इमारत ढह गई। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के प्रांतीय मुख्यालय के समीप इस इमारत में आपात पुलिस बल का कार्यालय था।
घटनास्थल पर हेलीकाप्टरों को मंडराते और राहतकर्मियों को मलबे में फंसे लोगों को निकालते देखा गया। सुरक्षाकर्मियों ने आसपास की इमारतों की छतों पर पोजीशन ले रखी है।
हमले का ब्योरा देते हुए एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी सज्जाद भुट्टा ने कहा कि एक कार आपात पुलिस बल और आईएसआई कार्यालयों के बीच आई। उसमें कई बंदूकधारी सवार थे। उन्होंने बताया, "कुछ लोगों ने वाहन से बाहर निकलकर आईएसआई कार्यालय की ओर गोलियां दागनी शुरू कर दीं। इमारत में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने भी जवाबी गोलीबारी की।"
उन्होंने बताया कि गोलीबारी अभी चल ही रही थी कि तभी कार में धमाका हो गया। भुट्टा का अनुमान है कि विस्फोट में करीब 40 लोग मारे गए। मरने वालों में 12 पुलिस अधिकारी हैं। कम से कम 27 प्रशिक्षु पुलिसकर्मी भी मारे गए हैं।
विस्फोट के बाद भी गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास की इमारतों के शीशे चकनाचूर हो गए और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
मुहम्मद अली नाम के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, "धमाका होते ही मेरी आंखों के आगे अंधेरा छा गया। जिस तरह धमाका हुआ और गोलियों की बौछार हुई, उससे ऐसा लगा जैसे कोई जंग लड़ी जा रही हो।"
यह विस्फोट उस दिन किया गया जब जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद को करीब ही स्थित लाहौर उच्च न्यायालय में पेश किया जाना था।
द न्यूज वेबसाइट के अनुसार, "बम निरोधक दस्ते का कहना है कि कार बम विस्फोट में 100 किलोग्राम विस्फोटक इस्तेमाल किया गया।" वेबसाइट के अनुसार घटनास्थल से एक आत्मघाती जैकेट और एक हथगोला भी बरामद किया गया।
गत 3 मार्च को आतंकवादियों ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में श्रीलंकाई क्रिकेट खिलाड़ियों पर हमला किया था। इस हमले में सात खिलाड़ी और टीम के सहायक कोच घायल हो गए थे और उनकी हिफाजत में तैनात छह पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।
इस हमले के एक ही महीने बाद पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने लाहौर के बाहरी हिस्से में मनावां पुलिस प्रशिक्षण अकादमी पर हमला किया था।
उधर विस्फोट में घायल हुए लोगों का इलाज कर रहे अस्पतालों को पुलिस ने उन्हें छुट्टी नहीं देने की हिदायत दी है। पुलिस सूत्रों ने 'जियो टीवी' को बताया कि घायलों कोजांच के बाद छुट्टी दे दी जाएगी।
इस बीच गृह मंत्री मलिक ने कराची में संवाददाताओं से कहा, "आतंकवादी पाकिस्तान को अस्थिर करना चाहते हैं क्योंकि उन्हें स्वात और संघ प्रशासित कबायली क्षेत्र (एफएटीए) में हार का सामना करना पड़ रहा है।"
उन्होंने कहा कि पश्चिमोत्तर में शिकस्त खा रहे आतंकवादी हताश होकर अब शहरों में फैल रहे हैं। मलिक ने कहा कि लाहौर विस्फोट की जांच की जा रही है। उन्होंने आतंकवादियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे हथियार डाल दें नहीं तो उनका सफाया कर दिया जाएगा।
तालिबानी आतंकवादियों द्वारा विवादास्पद शांति समझौते का उल्लंघन किए जाने के बाद पाकिस्तानी सेना ने 26 अप्रैल को उनके खिलाफ पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में सैन्य कार्रवाई शुरू की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications