मनमोहन मंत्रिपरिषद का स्वरूप तैयार, 59 मंत्री कल लेंगे शपथ (लीड-2)
तय हुआ है कि 28 मई को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपनी मंत्रिपरिषद का पहला विस्तार करेंगे जिसमें 14 कैबिनेट और सात स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्रियों सहित 59 मंत्री शपथ लेंगे।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मंत्रिपरिषद के सदस्यों की संख्या 78 हो जाएगी। इसमें 33 कैबिनेट और 45 राज्यमंत्री होंगे। पूर्ववर्ती मनमोहन सरकार में भी 78 मंत्री ही थे और इनमें कांग्रेस के सहयोगी दलों के 23 मंत्री थे।
कांग्रेस के नेतृत्व वाली मौजूदा संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में 19 घटक दल हैं। प्रमुख घटक दलों, तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के सात-सात सदस्यों, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के तीन सदस्यों तथा मुस्लिम लीग और नेशनल कांफ्रेंस के एक-एक सदस्य को इस सूची में शामिल किया गया है।
प्रधानमंत्री और 19 कैबिनेट मंत्रियों ने गत 23 मई को पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। गुरुवार को 14 कैबिनेट मंत्री शपथ लेंगे। इसके अलावा 45 राज्यमंत्री भी शपथ लेंगे जिनमें सात को स्वतंत्र प्रभार दिया जाएगा।
प्रस्तावित कैबिनेट मंत्रियों की सूची में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों- हिमाचल प्रदेश से वीरभद्र सिंह, महाराष्ट्र से विलासराव देशमुख और जम्मू एवं कश्मीर से फारूक अब्दुल्ला- के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा डीएमके के दयानिधि मारन, एम. के. अझागिरी और ए. राजा, कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे, कुमारी शैलजा, सुबोध कांत सहाय, एम. एस. गिल, जी. के. वासन, पवन कुमार बंसल, मुकुल वासनिक और कांतिलाल भूरिया भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में राकांपा के प्रफुल्ल पटेल, कांग्रेस के पृथ्वीराज चव्हाण, श्रीप्रकाश जायसवाल, सलमान खुर्शीद, जयराम रमेश, कृष्णा तीरथ और दिनशॉ पटेल शपथ लेंगे।
राज्यमंत्री के रूप में ई. अहमद, वी. नारायणसामी, श्रीकांत जेना, एम. रामचंद्रन, डी. पुरंदेश्वरी, पानाबाका लक्ष्मी, अजय माकन, के. एच. मुनियप्पा, नमो नारायण मीणा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितिन प्रसाद, ए. साई प्रताप, गुरुदास कामत, एम. एम. पल्लमराजू, महादेव खंडेला, हरीश रावत, के. वी. थामस, सौगात राय, दिनेश त्रिवेदी, शिशिर अधिकारी, सुल्तान अहमद, मुकुल राय, मोहन जटुआ, एस. एस. पलाणिमनिकम, डी. नेपोलियन, एस. जगतरक्षकन, एस. गांधी सेलवन, प्रणीत कौर, सचिन पायलट, शशि थरूर, भरतसिंह सोलंकी, तुषारभाई चौधरी, अरूण यादव, प्रतीक प्रकाशबापू पाटिल, आर. पी. एन. सिंह, विंसेंट पाल, प्रदीप जैन और अगाथा संगमा।
कैबिनेट मंत्रियों के सूची से हंसराज भारद्वाज, शिवराज पाटिल, अर्जुन सिंह, शीशराम ओला और पी. आर. किंडिया के नाम गायब हैं। ये सभी पूर्ववर्ती सरकार में मंत्री थे।
इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों के नामों की सूची को अंतिम रूप दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications