शेयर बाजारों में जबरदस्त उछाल, सेंसेक्स 14,000 के पार (राउंडअप)
बीएसई के सभी सूचकांकों ने बढ़त के साथ कारोबार किया। रियल्टी सूचकांक 6.09 फीसदी, बैंकिंग सूचकांक 5.42 फीसदी, बिजली सूचकांक 4.89 फीसदी और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों का सूचकांक 4.71 फीसदी उछलकर बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स आज एक बार फिर 14,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स ने बुधवार को पिछले बंद के मुकाबले 191.18 अंकों की बढ़त के साथ 13,780.41 के स्तर पर कारोबार शुरू किया। कारोबार के अंत में यह 520.41 अंक यानी 3.83 फीसदी की तेजी के साथ 14,109.64 पर बंद हुआ। सेंसेक्स ने दिन के दौरान 14,122.78 के उच्चतम और 13,780.41 के न्यूनतम स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी तेजी रही। मिडकैप सूचकांक 173.28 अंक यानी 3.67 फीसदी के उछाल के साथ 4,897.37 पर बंद हुआ जबकि स्मालकैप सूचकांक में 189.08 अंक यानी 3.37 फीसदी उछाल आया और यह 5,797.74 पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी पिछले बंद के मुकाबले बुधवार को 0.60 अंक की तेजी के साथ 4,117.30 के स्तर पर खुला। कारोबार के अंत में निफ्टी 159.35 अंक यानी 3.87 फीसदी की तेजी के साथ 4,276.05 के स्तर पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी आज 4,286.45 के उच्चतम और 4,115.25 के निम्नतम स्तर पर गया।
बीएसई में कारोबार के दौरान 2,346 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेजी आई जबकि 459 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
सेंसेक्स में आज रिलायंस इंफ्रा, स्टरलाइट इंडस्टीज, ओएनजीसी और डीएलएफ कंपनियों के शेयरों की कीमतों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई जबकि भारती एयरटेल, आईटीसी लिमिटेड और एसीसी लिमिटेड के शेयरों की कीमतों में सबसे अधिक गिरावट देखी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications