पाकिस्तान को अस्थिर करना चाहते हैं आतंकवादी : मलिक
लाहौर, 27 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के गृहमंत्री रहमान मलिक ने कहा है कि लाहौर में बुधवार को हुआ शक्तिशाली विस्फोट पश्चिमोत्तर में शिकस्त का सामना कर रहे आतंकवादियों का देश को अस्थिर करने का प्रयास था। इस विस्फोट में 40 लोग मारे गए।
मलिक ने संवाददाताओं को बताया, "आतंकवादी पाकिस्तान को अस्थिर करना चाहते हैं क्योंकि उन्हें स्वात और संघीय प्रशासित कबायली क्षेत्र (एफएटीए) में हार का सामना करना पड़ रहा है।"
उन्होंने कहा कि पश्चिमोत्तर में शिकस्त खा रहे आतंकवादी हताशा में शहरों में फैल रहे हैं।
तालिबानी आतंकवादियों द्वारा विवादास्पद शांति समझौते का उल्लंघन किए जाने के बाद पाकिस्तानी सेना ने 26 अप्रैल को उनके खिलाफ पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में सैन्य कार्रवाई शुरू की थी।
मलिक ने कहा कि लाहौर विस्फोट की जांच की जा रही है। उन्होंने आतंकवादियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे हथियार डाल दें नहीं तो उनका सफाया कर दिया जाएगा।
बुधवार सुबह लाहौर के व्यस्ततम सिविल लाइंस क्षेत्र में शक्तिशाली कार बम विस्फोट हुआ था।
करीब 100 किलोग्राम विस्फोटकों से लदी कार में तिमंजिली रेस्क्यू-15 इमारत के बाहर विस्फोट हुआ। विस्फोट में इमारत ढह गई। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के प्रांतीय मुख्यालय के समीप इस इमारत में आपात पुलिस बल का कार्यालय था।
इस सिलसिले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल पर हेलीकाप्टरों को मंडराते और राहतकर्मियों को मलबे में फंसे लोगों को निकालते देखा गया। सुरक्षाकर्मियों ने आसपास की इमारतों की छतों पर पोजीशन ले रखी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications