लाहौर में कार बम विस्फोट में 30 मरे (लीड-2)
लाहौर, 27 मई (आईएएनएस)।
पाकिस्तान के लाहौर शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में बुधवार सुबह 15 बिल्डिंग में हुए शक्तिशाली कार बम विस्फोट में करीब 30 लोग मारे गए और कम से कम 180 घायल हो गए।
पंजाब सरकार के वरिष्ठ मंत्री राजा रियाज ने संवाददाताओं को बताया कि 15 बिल्डिंग में हुए कार बम विस्फोट में करीब 30 लोग मारे गए और इमारत जमींदोज हो गई। यह इमारत सीसीपीओ कार्यालय से सटी है जहां अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक का कार्यालय है।
उन्होंने आतंकवादी हमले के कारणों के बारे में कोई भी अनुमान लगाने से इंकार कर दिया।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सफेद रंग का एक वाहन सुरक्षा बैरियर तोड़कर आगे बढ़ा और उसके बाद इमारत के बाहर धमाका हो गया। विस्फोट में कई लोग घायल हो गए।
विस्फोट में पुलिस और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के कार्यालयों समेत कई इमारते क्षतिग्रस्त हो गईं। यह विस्फोट उस दिन किया गया जब जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद को करीब ही स्थित लाहौर उच्च न्यायालय में पेश किया जाना था।
द न्यूज वेबसाइट के अनुसार, "बम निरोधक दस्ते का कहना है कि कार बम विस्फोट में 100 किलोग्राम विस्फोटक इस्तेमाल किए गए।" वेबसाइट के अनुसार घटनास्थल से एक आत्मघाती जैकेट और एक हथगोला भी बरामद किया गया।
विस्फोट में आसपास की इमारतों की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए और बहुत से वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एक अस्पताल के चिकित्सक ने कहा है कि कई लोग मारे गए हैं और 80 घायल हो गए हैं।
एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है और हेलीकाप्टरों को मंडराते देखा गया। गृह मंत्रालय के प्रमुख रहमान मलिक ने कहा कि आतंकवादी देश के पश्चिमोत्तर हिस्से में परास्त हो चुके हैं और इसलिए अब उन्होंने लाहौर का रुख किया है।
मलिक ने कराची में संवाददाताओं को बताया, "संघीय प्रशासित कबायली क्षेत्र (एफएटीए)में हालात अब काबू में हैं और स्वात में कार्रवाई जारी है। हमें इस तरह के हमले की चेतावनी पहले ही मिल चुकी थी।"
'जियो टीवी' के पत्रकार हामिद मीर के अनुसार आईएसआई का प्रांतीय मुख्यालय कहलाने वाली पूरी 15 बिल्डिंग के ध्वस्त होने की खबर है।
मीर ने एक टीवी चैनल को बताया कि धमाके में करीब 40 लोग मारे गए हैं और 100 से ज्यादा घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि दो हमलावर संभवत: एक एंबुलेंस में सवार होकर आए थे।
सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हताहतों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। स्थानीय अस्पतालों में आपातस्थिति घोषित कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications