तूफ़ान 'आइला' का तांडव जारी, 34 मरे

समुद्री तूफ़ान 'आइला' से पश्चिम बंगाल में 34 लोगों की मौत हो गई है और एक लाख लोग बेघर हो गए हैं. स्थिति से निपटने में सेना की मदद ली जा रही है.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने तूफ़ान सेमरने वालों के परिवारजनों को दो लाख रुपए की तत्काल सहायता राशि देने की घोषणा की है. तटीय इलाक़ों में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने के लिए सेना और सुरक्षाबलों की मदद ली जा रही है.
गृह मंत्री पी चिदंबरम ने बताया कि स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल के एक हज़ार सदस्यों को भेजा गया है. मौसम विभाग का कहना है कि अब ये समुद्री तूफ़ान धीमा पड़ गया है.
सौ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से आए तूफ़ान ने सैकड़ों घरों को नष्ट कर दिया. इसके कारण संचार और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है.
राजधानी कोलकाता के आसपास के दो ज़िले में ज़्यादा तबाही हुई है और 70 से ज़्यादा गाँव डूब गए हैं. हावड़ा, हुगली, उत्तरी 24 परगना ज़िले और पूर्वी मिदनापुर ज़िले में कई लोग मारे गए हैं.
प्रभावित
पश्चिम बंगाल के आपदा प्रबंधन मंत्री मुर्तज़ा हुसैन ने बीबीसी को बताया कि राहत कार्यों के लिए सेना को बुलाया गया है. हमने एक लाख से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया है. अब हम उनके लिए खाने के पैकेट और पीने के पानी की व्यवस्था कर रहे हैं मुर्तज़ा हुसैन, आपदा प्रबंधन मंत्री
| |
मुर्तज़ा हुसैन ने बताया, "हमने एक लाख से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया है. अब हम उनके लिए खाने के पैकेट और पीने के पानी की व्यवस्था कर रहे हैं."
उन्होंने बताया कि 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ आंधी और भीषण बारिश के कारण कोलकाता और आसपास के ज़िलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
स्थानीय प्रशासन सेना की मदद से तूफ़ान प्रभावित इलाकों से और तटीय क्षेत्र से लोगों को निकालने में लगा हुआ है. कोलकाता में तेज़ आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़कर गिर गए हैं और कुछ वाहन इनकी चपेट में आए हैं.


Click it and Unblock the Notifications