गैस पाइपलाइन सौदे में अब भी शामिल हो सकता है भारत : ईरान
आईपीआई वार्ता में ईरानी तेलमंत्री के प्रतिनिधि होजातुल्लाह घनीमीफर्द ने सोमवार को कहा, "अब तक किसी भी भारतीय अधिकारी ने परियोजना से अपने देश के बाहर रहने की बात नहीं कही है और हमें उम्मीद है कि वह जल्द कोई निर्णय लेंगे।"
समाचार एजेंसी मेहर ने घनीमीफर्द के हवाले से कहा कि ऐसा लगता है कि भारत ने घरेलू ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए लंबी अवधि के लिए अपनी नीति में परिवर्तन किया है। उन्होंने कहा कि भारत के पास अब भी यह विकल्प मौजूद है कि वह ईरान और पाकिस्तान के साथ गैस संबंधी बातचीत शुरू कर सके।
उल्लेखनीय है कि रविवार को ईरानी राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद और पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने ईरान से पाकिस्तान को गैस की आपूर्ति किए जाने के संबंध में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
भारत आरंभ में इस परियोजना का हिस्सा था लेकिन गत वर्ष सितम्बर में वह यह कहते हुए परियोजना से अलग हो गया कि वह पहले द्विपक्षीय आधार पर पाकिस्तान के साथ गैस आपूर्ति की कीमतों का निपटारा करना चाहता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications