ओबामा ने दक्षिण कोरिया और जापान को सुरक्षा का भरोसा दिलाया
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इससे पहले सोमवार को ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करार दिया। परिषद ने उसके खिलाफ नए प्रतिबंध लगाने का संकेत दिया है।
व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान के अनुसार दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली म्यंग बैंक और ओबामा दोनों ने ही इस पर सहमति जताई कि उत्तर कोरिया का यह कदम अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन है और इसका जवाब दिया ही जाना चाहिए।
जापान के प्रधानमंत्री तारो आसो और ओबामा की बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने छह पक्षीय वार्ता में समन्वय बढ़ाने की बात कही। यह वार्ता उत्तर कोरिया को परमाणु कार्यक्रम रोकने के लिए राजी करने के वास्ते शुरू की गई थी। इस छह पक्षीय वार्ता में रूस, चीन और दक्षिण कोरिया भी शामिल हैं।
ओबामा ने जोर देकर कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा सामूहिक रूप से जवाब दिए जाने की जरूरत है।
आसो और ओबामा ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उत्तर कोरिया की परमाणु गतिविधियों पर रोक लगाने संबंधी ठोस उपायों से संबद्ध प्रस्ताव लाने के लिए मिलकर कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications