हिंसा से पंजाब में 7,000 करोड़ रुपये का नुकसान : एसोचैम
नई दिल्ली , 26 मई (आईएएनएस)। एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (एसोचैम) के अनुमान के अनुसार विएना में डेरा सच खंड के धर्म गुरु की हत्या के विरोध में पंजाब में फैली हिंसा से राज्य में करीब 7,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
एसोचैम ने मंगलवार को एक बयान में कहा, "सामाजिक तनाव के कारण पंजाब में करीब 6,000-7,000 रुपये से अधिक की सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान हुआ है और इसने निवेश की संभावनाओं को काफी हद तक पीछे धकेल दिया है।"
जालंधर, लुधियाना, होशियारपुर और फगवाड़ा शहरों में मंगलवार को दूसरे दिन भी कर्फ्यू जारी रहा लेकिन कर्फ्यू में दो से चार घंटे की ढील दी गई।
इस संदर्भ में एसोचैम के महासचिव डी.एस.रावत ने राज्य प्रशासन से राज्य में विशेषकर जालंधर,लुधियाना, फगवाड़ा और अंबाला में तत्काल कानून व्यवस्था बहाल करने की अपील की है।
एसोचैम ने कहा कि पंजाब के सामाजिक तनाव में कमी लाने में किया गया कोई भी विलंब राज्य की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications