पश्चिम बंगाल में तूफान से 27 मरे, चार लाख लोग पानी में फंसे (लीड-1)
इस बीच मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने चक्रवाती तूफान 'आइला' से प्रभावित पश्चिम बंगाल में पुनर्वास व राहत कार्य चलाने के लिए केंद्र सरकार से तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
राज्य के सुंदरबन मामलों के मंत्री कांति गांगुली ने बताया, "मंगलवार सुबह 400,000 से अधिक लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए राहत कार्य आरंभ हुआ। पानी भर जाने और खराब मौसम की वजह से सोमवार को राहत कार्य शुरू नहीं हो पाया था।"
मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य मंगलवार को सुंदरबन पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें कीं। इस दौरान हजारों लोगों को सहायता मुहैया कराने की योजनाएं बनाई गईं।
भट्टाचार्य ने दक्षिण 24 परगना जिले में जमताला के निकट एक राहत शिविर में लोगों से कहा, 'आप गंदा पानी मत पीजिए। मैं आपसे आग्रह करता हूं कि गहरे नलकूप का ही पानी पीजिए। आप लोगों के हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा दिया जाएगा।"
नई दिल्ली में माकपा पोलित ब्यूरो ने मंगलवार को एक बयान जारी कर तूफान से हुए जान माल के नुकसान पर चिंता जताई और पीड़ितों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना जताई।
बयान में कहा गया, "पोलित ब्यूरो केंद्र सरकार से आग्रह करता है कि वह राज्य सरकार को राहत व पुनर्वास कार्यो के लिए सभी आवश्यक मदद उपलब्ध कराए।"
पोलित ब्यूरो ने जनता से भी तूफान प्रभावित लोगों के लिए मदद के हाथ आगे बढ़ाने का आग्रह किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications