पान वाले के बेटों ने आईआईटी में पाई सफलता
देश विदेश में भले ही लोग रांची को भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का घर होने के कारण जानते हों लेकिन आज यह शहर एक और कारण से चर्चा में है। रांची में पान की दुकान चलाने वाले विनोद शर्मा के दो बेटों ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की उच्च प्रतिस्पर्धा वाली प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर लोगों को चौंका दिया है।
विनोद शर्मा स्थानीय अदालत परिसर में पान की एक छोटी सी दुकान चलाते हैं। सोमवार को घोषित नतीजों में उनके बेटे विक्की को अखिल भारतीय स्तर पर 6,649वीं जबकि विवेक को 5,160वीं रैकिंग हासिल हुई।
नतीजे आने के समय जहां विक्की अपने बीमार पिता को लेकर इलाज के लिए वेल्लोर गया हुआ है जबकि विवेक पिता की दुकान संभाल रहा है।
विवेक ने आईएएनएस से कहा, "हम बेहद खुश हैं। मुझे उम्मीद है कि पिताजी जल्दी ठीक होकर घर आएंगे। हम साथ मिलकर खुशी मनाएंगे।"
विवेक ने बताया, "पैसों की दिक्कत होने के बावजूद माता-पिता ने हमेशा हमारा साथ दिया। हम आईआईटी की परीक्षा पास करने को लेकर प्रतिबद्ध थे और ईश्वर ने हमारा साथ दिया।"
विवेक ने इस वर्ष कक्षा 12 की परीक्षा में 91 फीसदी अंक हासिल किए हैं जबकि उसके बड़े भाई विक्की ने पिछले साल यह परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications