एंटनी ने रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाला
कार्यभार संभालने के बाद एंटनी ने कहा, "देश के चारों ओर सुरक्षा की स्थिति ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो गई है। हमारे पड़ोस में हो रहा बदलाव चिंता का विषय है। ऐसे में हमारे लिए आंतरिक निगरानी काफी महत्वपूर्ण हो गई है।" उन्होंने पड़ोसी देशों पाकिस्तान, श्रीलंका और नेपाल के संदर्भ में यह बात कही।
उन्होंने कहा, "अपने आसपास की सुरक्षा को और मजबूत करना हमारे मंत्रालय की प्राथमिकता है।" उन्होंने कहा कि इसके लिए जमीन सीमा की सुरक्षा, हवाई सुरक्षा और तटीय सुरक्षा को मजबूत करने की जरूरत है।
एंटनी ने कहा कि इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए देश को अपने सशस्त्र सेनाओं के आधुनिकीकरण पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिकीकरण का मतलब केवल हथियार हासिल करना नहीं बल्कि इसके साथ सशस्त्र सेना को प्रशिक्षित करना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय ने चीन द्वारा भारत से लगे सीमा क्षेत्रों में तेजी से किए जा रहे आधारभूत संरचनाओं के विकास पर ध्यान दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications