विएना की घटना के बाद पंजाब में तनाव, सेना बुलाई गई
जालंधर में सबसे अधिक हिंसा हुई। हिंसक भीड़ पर काबू पाने और शांति कायम करने के लिए रविवार देर रात सेना और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की मदद लेनी पड़ी।
दोआबा क्षेत्र के जालंधर, फगवाड़ा, नवांशहर और होशियारपुर में पूरी रात तनाव बना रहा। झड़पों में किसी के घायल होने के समाचार नहीं हैं लेकिन कई निजी और सार्वजनिक वाहनों को हिंसक भीड़ ने जला दिया।
जालंधर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एक एटीएम को भी लोगों ने आग के हवाले कर दिया। वहां कर्फ्यू घोषित कर दिया गया, जो सोमवार सुबह भी जारी था।
जालंधर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक संजीव कालरा ने बताया, "स्थितियां खराब हो गईं और नियंत्रण पाने के लिए हमने पंजाब पुलिस के साथ सेना और बीएसएफ की मदद ली।"
उल्लेखनीय है कि रविवार रात विएना स्थित एक गुरुद्वारे में सिख समुदाय के दो गुटों के बीच भड़की हिंसा में घायल सिख गुरु की सोमवार को मौत हो गई। घटना में कम से कम 16 लोग घायल हुए थे।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक सिख गुरु संत रामा नंद (57) की अस्पताल में मौत हो गई। घटना के समय गुरुद्वारे में मौजूद एक अन्य अतिथि सिख गुरु संत निरंजन दास (68) की हालत स्थिर बनी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications